भाजपा द्वारा अहिल्या बाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती पर जिला कार्यशाला संपन्न

मेवाड़ी खबर@चित्तौड़गढ़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा महापुरुषों के योगदान को स्मरण करते हुये जिला भाजपा कार्यालय पर पुण्यश्लोक अहिल्या बाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती को लेकर कार्यशाला हुई। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि कार्यशाला को संबोधित करते हुए सांसद सीपी जोशी ने अहिल्या बाई होल्कर के जीवन, कार्य और उनके द्वारा देशभर में कराए गए धार्मिक व सामाजिक निर्माण कार्यों पर विस्तृत प्रकाश डाला। सांसद जोशी ने त्रिशताब्दी जयंती वर्ष को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनजन तक पहुँचाने की बात कही। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार मुख्य वक्ता महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता सरिता गैना थी। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रतन लाल गाडरी ने की। सरिता गैना ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि मराठा साम्राज्य की प्रसिद्ध महारानी तथा इतिहास-प्रसिद्ध सूबेदार मल्हारराव होलकर के पुत्र खंडेराव की धर्मपत्नी अहिल्याबाई होल्कर के जन्म के त्रिशताब्दी जन्म जयंती पर भाजपा चित्तौड़गढ़ जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। इसको लेकर पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। गोष्ठियों आदि कार्यक्रमों के जरिये महारानी होल्कर के बारे में जन-जन तक जानकारी पहुंचाई जाएगी। उन्होंने बताया कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर एक महान शासक थीं, जिन्होंने अपने शासनकाल में समाज में कई महत्वपूर्ण सुधार किए। उनकी न्यायप्रियता, सामाजिक कल्याण के कार्य और महिला सशक्तीकरण के प्रयास आज भी हमें प्रेरित करते हैं।

उन्होंने विभिन्न स्थानों पर विद्यालयों और मंदिरों की स्थापना करवाई, जिससे लोगों को शिक्षा और धार्मिक ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिला। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा कटिबद्ध है। भाजपा जिलाध्यक्ष रतन लाल गाडरी ने कहा किअहिल्या बाई होल्कर ने शासन, समाज सेवा और धर्म के क्षेत्र में जो अद्वितीय योगदान दिया, वह आज भी प्रेरणादायक है। वे एक आदर्श शासिका थीं, जिन्होंने न्यायप्रियता, सेवा और लोककल्याण की भावना से राजकाज चलाया। गाडरी ने कहा कि उनकी तीन सौवीं जयंती पर भाजपा की ओर से पूरे जिले में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में उनके जीवन चरित्र के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला को अभियान के संयोजक देवी सिंह राणावत, सह संयोजक महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वीणा दशोरा, प्रधान देवेन्द्र कंवर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं अभियान के सदस्य रतन पूर्बिया एवं आभार ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष गोटू लाल सुथार ने किया। जिला महामंत्री रघु शर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष सागर सोनी, संभाग सह मीडिया प्रभारी सुधीर जेन, जिला महामंत्री श्याम पहाड़िया, जिला कोषाध्यक्ष हरीश ईनाणी, जिला मंत्री सी पी नामघराणी, संजू लढ्ढा, गोवर्धन जाट, जिला उपाध्यक्ष पुष्पा वैष्णव, जिला आईटी संयोजक नंदकिशोर लोहार आदि मंचासिन रहे। कार्यशाला में महिला मोर्चा की सदस्याएँ, मंडल अध्यक्ष गण, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सहित भाजपा पदाधिकारि एवं अभियान के मंडल पदाधिकारि उपस्थित रहे।