मेनार में होगा दो दिवसीय मेवाड़ हेरिटेज फेस्टिवल

मेवाड़ी खबर@मेनार, उदयपुर | रामसर स्थल बर्ड विलेज मेनार में आगामी 14-15 फरवरी को दो दिवसीय मेवाड़ हेरिटेज फेस्टिवल का आयोजन होगा। यह कार्यक्रम इनक्रेडिबल इंडिया एवं इथेरियल सर्किट के संयुक्त तत्वाधान में मेनार-अमरपुरा मार्ग स्थित मेला ग्राउंड पर होगा। फेस्टिवल को लेकर गाँव में तैयारियाँ जोरों पर हैं।  एमएचएफ टिम के जयंत पाठक ने बताया कि पहले दिन “लव विद नेचर एंड कनेक्शन” थीम पर विविध कार्यक्रम होंगे। “आर्द्रभूमि और पक्षी जीवन” विषय पर संवाद में विशेषज्ञ संरक्षण और जैव विविधता पर विचार साझा करेंगे। पक्षी विशेषज्ञों संग भ्रमण से मेनार की पक्षी विविधता का परिचय मिलेगा। गाँव भ्रमण प्रतिभागियों को स्थानीय जीवन और परंपरा को करीब से समझने का अवसर देगा। शाम को लोकगीत और नृत्य से सजी लोक रात्रि उत्सव को रंगीन बनाएगी, वहीं रात में खगोलविदों संग तारों और आकाशगंगा का अवलोकन प्रतिभागियों के लिए अविस्मरणीय अनुभव होगा।  दूसरे दिन 15 फरवरी को “मैराथन फॉर वेटलैंड” से शुरुआत होगी। इसके बाद सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियाँ होंगी। जीआई-टैग क्राफ्ट और हेरिटेज कार्यशालाओं में प्रतिभागी स्थानीय कला और विरासत से जुड़ेंगे। पौधारोपण अभियान और वेटलैंड देखभाल गतिविधियाँ भी होंगी। हेरिटेज वॉक और बर्डिंग से प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर का अनुभव मिलेगा। दिनभर कहानी सुनाने का विशेष सत्र बच्चों और युवाओं को परंपरा से जोड़ने का माध्यम बनेगा। शाम को सामुदायिक सांस्कृतिक संध्या में लोककला, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियाँ होंगी।

News Image
News Image
error: Content is protected !!