मेवाड़ी खबर@खेरोदा
कस्बे के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए ग्रामीणों ने एकजुट होकर आवाज उठाई है। क्षेत्रवासियों ने चिकित्सालय में एक सीनियर चिकित्सक की नियुक्ति को लेकर क्षेत्रीय विधायक उदयलाल डांगी के समक्ष अपनी प्रमुख मांग रखी है। ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल में अनुभवी डॉक्टर न होने से आमजन को इलाज के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।,अस्पताल में मरीजों की लगातार बढ़ती ओपीडी इस मांग का एक बड़ा कारण है। ग्रामीणों ने विधायक को अवगत कराया कि प्रतिदिन चिकित्सालय में मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है, जिससे मौजूदा स्टाफ पर दबाव बढ़ गया है। इसके अलावा, आगामी भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने की भी पूरी आशंका है। ऐसे समय में एक अनुभवी चिकित्सक का होना कस्बेवासियों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। ग्रामीणों ने विधायक डांगी से आग्रह किया है कि आमजन की इस गंभीर समस्या पर जल्द से जल्द संज्ञान लिया जाए। भीषण गर्मी से पहले अगर अस्पताल में सीनियर डॉक्टर की नियुक्ति हो जाती है, तो न केवल मरीजों को समय पर उचित और बेहतर इलाज मिल सकेगा, बल्कि उन्हें छोटी-बड़ी बीमारियों के लिए दूर-दराज के शहरों की ओर भी रुख नहीं करना पड़ेगा।
