जिले की 284 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए दाखिल हुए 2110 नामांकन,आज हुआ मतदान

मेवाड़ी खबर@उदयपुर
पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तहत उदयपुर जिले में प्रथम चरण के सरपंच चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले की 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 1480 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। वहीं, 600 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए हैं। जिले की ओगणा पंचायत समिति की चोखलाबारा ग्राम पंचायत में सरपंच पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। इसके साथ ही शेष 283 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए चुनावी मुकाबला होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि  प्रथम चरण में सरपंच पदों के लिए कुल 2110 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। इनमें 2098 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया। जांच के बाद 2081 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए। इसके पश्चात 600 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। एक अभ्यर्थी के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद अब 1480 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

*भींडर में सर्वाधिक 231, नाई में सबसे कम 67 प्रत्याशी*
सरपंच पद के लिए सर्वाधिक 231 प्रत्याशी भींडर पंचायत समिति में चुनाव मैदान में हैं। यहां 32 ग्राम पंचायतों में कुल 305 नामांकन दाखिल हुए थे। जांच के बाद 303 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए तथा 72 ने नाम वापस लिए।
इसी प्रकार वल्लभनगर पंचायत समिति की 28 ग्राम पंचायतों में 189 प्रत्याशी मैदान में हैं। फलासिया की 35 ग्राम पंचायतों में 180, मावली की 29 ग्राम पंचायतों में 174, गिर्वा की 27 ग्राम पंचायतों में 157 तथा घासा की 26 ग्राम पंचायतों में 152 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।
झाड़ोल पंचायत समिति की 34 ग्राम पंचायतों में 142, कुराबड़ की 29 ग्राम पंचायतों में 96 तथा ओगणा की 24 ग्राम पंचायतों में निर्विरोध निर्वाचन के बाद 92 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, नाई पंचायत समिति की 20 ग्राम पंचायतों में सबसे कम 67 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।

*ओगणा की चोखलाबारा ग्राम पंचायत में निर्विरोध निर्वाचन*
प्रथम चरण के सरपंच चुनाव में ओगणा पंचायत समिति की चोखलाबारा ग्राम पंचायत में निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। यहां सरपंच पद के लिए केवल एक अभ्यर्थी ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन वैध पाए जाने के बाद निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बनी।

*नाम वापसी में फलासिया सबसे आगे*
सरपंच चुनाव में नाम वापसी के आंकड़ों में फलासिया पंचायत समिति सबसे आगे रही। यहां सर्वाधिक 89 अभ्यर्थियों ने नामांकन वापस लिए। इसके बाद भींडर और गिर्वा में 72-72, झाड़ोल में 71, मावली में 63, वल्लभनगर में 62, नाई में 52, घासा में 50, कुराबड़ में 36 तथा ओगणा में 33 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन वापस लिए।

नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद विभिन्न ग्राम पंचायतों में प्रत्याशियों की संख्या स्पष्ट हो गई है। कई ग्राम पंचायतों में बहुकोणीय मुकाबले की स्थिति बनी हुई है।

*एक ग्राम पंचायत में 16 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला*
प्रथम चरण के चुनाव में भींडर पंचायत समिति की चारगदिया ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए सर्वाधिक 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां कुल 18 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया था, जिनमें से दो ने नाम वापस लिए।
इसी प्रकार गिर्वा पंचायत समिति की मोरडूंगरी ग्राम पंचायत में 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। भींडर पंचायत समिति की आकोला, बांसड़ा, नीमड़ी और सारंगपुरा (कानोड़) ग्राम पंचायतों में 11-11 प्रत्याशी मैदान में हैं। इससे इन ग्राम पंचायतों में बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा।

News Image
News Image
error: Content is protected !!