मेवाड़ी खबर@रूण्डेड़ा।
अगर कुछ कर गुजरने का दृढ़ संकल्प हो तो बड़ी से बड़ी ऊंचाइयों को भी छुआ जा सकता है। इस कहावत को साकार कर दिखाया है वल्लभनगर उपखंड के मेनार गांव निवासी देव मेनारिया ने, जिन्होंने एक साधारण किसान परिवार से निकलकर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है।

हाल ही में देव मेनारिया की फिल्म “बिहू अटैक” 16 जनवरी को देशभर के 200 से अधिक सिनेमाघरों में रिलीज हुई। यह मेवाड़ क्षेत्र के लिए गौरव की बात है कि पहली बार मेनारिया समाज का कोई व्यक्ति बड़े पर्दे पर प्रदेश और देशभर में अपनी पहचान बनाने में सफल हुआ है।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में रूण्डेड़ा कस्बे में ग्रामीणों द्वारा देव मेनारिया का भव्य स्वागत किया गया। सुबह 8 बजे बालाजी महाराज के मंदिर से ढोल-डीजे के साथ स्वागत जुलूस की शुरुआत की गई, जो गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर पहुंचा। वहां देव मेनारिया का साफा पहनाकर व फूल मालाओं से सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे और सभी ने देव मेनारिया की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। इसके पश्चात नारायण लाल छपन्या के निवास स्थान पर भी देव मेनारिया सहित ग्रामवासियों का स्वागत किया गया।
देव मेनारिया की यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।


