मेवाड़ी खबर@उदयपुर।
बर्ड विलेज मेनार में इनक्रेडिबल इंडिया और इथेरियल सर्किट के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय मेवाड़ हेरिटेज फेस्टिवल का शुभारंभ निवृत्ति कुमारी मेवाड़ ने किया। उन्होंने मेनारवासियों द्वारा पक्षियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे ग्रामीणों की जागरूकता और समर्पण का अद्भुत उदाहरण बताया। फेस्टिवल में डीएफओ अजय चित्तौड़ा, जीपीएस अध्यक्ष राहुल भटनागर, नेहा पालीवाल, सौरभ पालीवाल, इंटक के गौरव सिंघवी और अधिष्ठाता नवीन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में मेवाड़ हेरिटेज फेस्टिवल को इको-टूरिज्म क्षेत्र में बड़ा कदम बताते हुए इसे स्थानीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम कहा। ग्रामीणों ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत कर मोमेंटो भेंट किए। पहले दिन फेस्टिवल परिसर में 19 स्टॉल लगे, जिनमें फोटो एग्ज़ीबिशन, बस्सी की कावड़ कला, जीआई टैग मोलेला टेराकोटा, कैनन वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी, ट्राइबल आर्ट एंड क्राफ्ट, क्ले क्राफ्ट, आर्कियोलॉजी वर्कशॉप, पॉटरी मेकिंग, ब्लॉक प्रिंटिंग, हैंड एम्ब्रॉयडरी, स्टेंसिल प्रिंटिंग और सीड बॉल जैसी गतिविधियाँ शामिल थीं। पूजा मेनारिया ने मेनार ग्राम का इतिहास कविता के माध्यम से प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।



आर्द्रभूमि और पक्षी जीवन” विषय पर आयोजित संवाद में विशेषज्ञों ने संरक्षण और जैव विविधता पर विचार साझा किए। पक्षी विशेषज्ञों के साथ तालाब भ्रमण ने प्रतिभागियों को मेनार की पक्षी विविधता से परिचित कराया। वर्षों से कार्यरत स्थानीय पक्षी मित्रों को अतिथियों ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया। समारोह में एसीएफ राजेंद्र सिंह, वनाधिकारी कैलाश मेनारिया , देवेंद्र श्रीमाली, विधान द्विवेदी , पुष्पा खमेसरा ,प्रसून चक्रवर्ती, अमित गोयल, तूलिका चक्रवर्ती, पूर्व सरपंच ओंकार लाल भलावत, ओम प्रकाश रामावत, बद्री लाल मेनारिया गवारडी, हितेश मेनारिया सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। संचालन डॉ. सतीश शर्मा ने किया। उद्घाटन पश्चात अतिथियों ने मृदेश्वर महादेव शिव प्रतिमा के दर्शन किए और धंड तालाब पर पक्षी दर्शन किया। क्विज़ और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में राणा प्रताप भिंडर, उच्च माध्यमिक विद्यालय मेनार, महात्मा गांधी विद्यालय मेनार, उच्च माध्यमिक विद्यालय नवानिया, मोहनलाल सुखाड़िया एवं सिंघानिया विश्वविद्यालय के विद्यार्थी शामिल हुए। दिल्ली गणतंत्र दिवस परेड में शामिल हर्षमीता मेनारिया, खुशी मेनारिया और किशन गुर्जर का सम्मान भी किया गया। दूसरे दिन की शुरुआत “मैराथन फॉर वेटलैंड” से होगी। इसके बाद गाँव-विशेषज्ञ संवाद, हेरिटेज वॉक और बर्डिंग के माध्यम से प्रतिभागी प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर का अनुभव करेंगे। दिनभर की गतिविधियों में कहानी सुनाने का विशेष सत्र भी होगा, जो बच्चों और युवाओं को परंपरा से जोड़ने का माध्यम बनेगा।
पक्षी मित्रों का सामान हुआ : कार्यक्रम में मेनार में पिछले कई वर्षों से कार्य कर रहे पक्षी मित्र धर्मेंद्र मेनारिया , नितेश लोहार , कीर्ति जोशी , तिरुपति मेरावत का अतिथियों के हाथों मोमेंटो देकर स्वागत हुआ।
